नेस्ले इंडिया के निदेशक मंडल ने आज वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजों को मंजूरी दी।
कंपनी के नतीजों पर नेस्ले इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष तिवारी ने कहा, “मुझे खुशी है कि इस तिमाही में भी हमारे सभी प्रोडक्ट ग्रुप्स ने मजबूत और चौतरफा ग्रोथ दर्ज की। कुल बिक्री 20.5% बढ़कर 6,782.2 करोड़ रुपये हो गई और इसकी सबसे बड़ी वजह बिक्री की मात्रा यानी वॉल्यूम में दोहरे अंकों की बढ़ोतरी रही। हमने पूरे कामकाज को कुशल बनाए रखने पर ध्यान दिया और अपने ब्रांड्स में निवेश काफी बढ़ाया। विज्ञापन और मार्केटिंग पर खर्च 46% बढ़ा। एबिटडा मार्जिन 23.8% के अच्छे स्तर पर रहा। तिमाही में कर के बाद मुनाफा 1,026.8 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही से 36.3% ज्यादा है।
“महंगाई बढ़ रही है, खासकर खाने-पीने की चीजों की, और यह एक हकीकत है। इन बाहरी चुनौतियों से निपटने के लिए हम कई मोर्चों पर काम कर रहे हैं। हम नए प्रोडक्ट ला रहे हैं, पुराने प्रोडक्ट्स को बेहतर बना रहे हैं और अपने ब्रांड्स में लगातार निवेश कर रहे हैं। साथ ही कच्चे माल की लागत का दबाव कम करने के लिए उत्पादकता और कामकाज की कुशलता पर पहले से ज्यादा जोर दे रहे हैं। इस मुश्किल दौर में हमारी टीमों ने जिस असाधारण लगन, हौसले और काम पूरा करने की धुन के साथ काम किया है, उसके लिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं।
“नेस्ले इंडिया में उपभोक्ताओं का भरोसा फूड सेफ्टी और क्वॉलिटी की नींव पर टिका है। हमारी फैक्ट्रियों में काम करने वाले साथियों की अटूट प्रतिबद्धता पर मुझे गर्व है। सानंद और पोंडा फैक्ट्रियों को सीआईआई फूड सेफ्टी एंड क्वॉलिटी अवॉर्ड्स और समालखा फैक्ट्री को नेस्ले ग्लोबल क्वालिटी अवॉर्ड मिला है, जिसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। ये सम्मान बताते हैं कि हम हर दिन लाखों उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और बेहतरीन क्वालिटी के प्रोडक्ट पहुंचाने के अपने वादे पर कायम हैं।
“कन्फेक्शनरी प्रोडक्ट ग्रुप ने एक और तिमाही में वॉल्यूम के दम पर दोहरे अंकों में ग्रोथ दर्ज की। किटकैट® की बाजार हिस्सेदारी लगातार बढ़ी और मंच® व मिल्कीबार® ने भी अपनी रफ्तार बनाए रखी।
“पाउडर एंड लिक्विड बेवरेजेज प्रोडक्ट ग्रुप में भी एक और तिमाही में वॉल्यूम के सहारे अच्छी ग्रोथ रही। ज्यादा से ज्यादा घरों तक पहुंच, किफायती दाम और कॉफी पोर्टफोलियो में प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती हिस्सेदारी ने इस प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई। नेस्कैफे® ब्रांड में हम लगातार निवेश कर रहे हैं। साथ ही हमारा ध्यान दो बातों पर है, कॉफी को नए घरों तक पहुंचाना और प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बिक्री तेजी से बढ़ाना। इससे उपभोक्ताओं के बीच कॉफी की अहमियत बढ़ रही है और लंबे समय की हमारी ग्रोथ योजनाओं को मजबूती मिल रही है।
“नेस्प्रेसो® ने ई-कॉमर्स और रिटेल चैनलों में तेज रफ्तार बनाए रखी। प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग ने इसमें मदद की। साथ ही आइस्ड कॉफी के जरिए गर्मियों के मौसम में भी नेस्प्रेसो ने अपनी जगह बनाई।
“प्रिपेयर्ड डिशेज एंड कुकिंग एड्स प्रोडक्ट ग्रुप ने अच्छी ग्रोथ दर्ज की। गांवों में बढ़ती पहुंच के साथ मैगी® नूडल्स का विस्तार जारी रहा। वहीं मैगी® मसाला-ए-मैजिक देश के अलग-अलग इलाकों के सबसे लोकप्रिय व्यंजनों में अपनी जगह बनाकर नए घरों तक पहुंच रहा है।
“मिल्क प्रोडक्ट्स एंड न्यूट्रिशन प्रोडक्ट ग्रुप ने ब्रांड बिल्डिंग में निवेश और पोर्टफोलियो को बेहतर बनाने के दम पर व्यापक और मजबूत ग्रोथ हासिल की।
“पेट फूड कारोबार ने दोहरे अंकों में ग्रोथ दर्ज की। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उपभोक्ताओं से बेहतर जुड़ाव और बाजार तक पहुंचने की सोची-समझी रणनीति इसकी वजह रही। फेलिक्स® ग्रेवी लवर, प्रो प्लान® कैट और फ्रिस्कीज® वेट कैट के जरिए हमने मेनस्ट्रीम और प्रीमियम, दोनों तरह के प्रोडक्ट्स में विज्ञान पर आधारित पोषण दिया और कैट फूड सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ाई। नेस्ले की रिसर्च और इनोवेशन क्षमताओं के सहारे हम पालतू जानवरों की बदलती जरूरतों के मुताबिक आधुनिक पोषण देने पर ध्यान बनाए हुए हैं।
“नेस्ले प्रोफेशनल ने भी अपनी रफ्तार कायम रखी और वॉल्यूम के दम पर दोहरे अंकों में ग्रोथ दर्ज की। घर से बाहर खाने-पीने के बाजार में ग्राहकों की बदलती जरूरतों के हिसाब से तैयार प्रीमियम प्रोडक्ट्स, ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाए गए समाधान और नए तरह के इस्तेमाल इसकी वजह रहे।